Ghatshila:प्रकृति के प्रति प्रेम, सौंदर्यबोध और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला आठवां घाटशिला फ्लावर शो आगामी 16 से 18 जनवरी 2026 तक मऊभंडार स्थित स्पोर्ट्स क्लब मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन का आयोजन झारखंड उदय न्यूज़ क्रिएशंस एवं घाटशिला फ्लावर शो कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में फ्लावर शो कमेटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, झारखंड उदय के प्रबंध निदेशक रवि प्रकाश सिंह, किडजी एलिमेंट्री स्कूल घाटशिला की संस्थापिका रश्मि सिंह, शिक्षक उत्तम दास, पॉप्स डी पेट केयर के संचालक सौरभ ठाकुर तथा आर्किटेक्ट विनीत झुनझुनवाला मौजूद रहे।
फ्लावर शो कमेटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने बताया कि यह आयोजन एक छोटे प्रयास के रूप में शुरू हुआ था, जो आज एक वृहद और लोकप्रिय स्वरूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि फ्लावर शो का मूल उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ना और हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि पहले जहां घाटशिला में केवल एक-दो नर्सरी थीं, वहीं आज आधा दर्जन से अधिक नर्सरियों का होना इस आयोजन की सफलता और प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस तीन दिवसीय महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
झारखंड उदय के प्रबंध निदेशक रवि प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि
16 जनवरी को शाम 4 बजे फ्लावर शो का उद्घाटन होगा।
17 जनवरी को दोपहर 2 बजे से डॉग शो आयोजित किया जाएगा।
18 जनवरी को सुबह 10 बजे से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए वेल बेबी प्रतियोगिता,
11 बजे से लाइव सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता,
और शाम 4 बजे से किड्स फैशन शो होगा।
वहीं शाम 6 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ आयोजन का समापन होगा।
फ्लावर शो के दौरान दर्शकों के लिए भी प्रतिदिन आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही बच्चों के झूले, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, गमले, पौधे और खाद के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे यह आयोजन पूरे परिवार के लिए एक यादगार अनुभव बनेगा।
किडजी एलिमेंट्री स्कूल की संस्थापिका रश्मि सिंह ने बताया कि किड्स फैशन शो में भाग लेने वाले बच्चों की अधिकतम आयु 8 वर्ष तय की गई है। इच्छुक प्रतिभागी रविवार दोपहर 3 बजे तक स्पोर्ट्स क्लब मैदान, मऊभंडार पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।
पॉप्स डी पेट केयर के संचालक सौरभ ठाकुर ने जानकारी दी कि इस वर्ष डॉग शो में विभिन्न नस्लों के कुत्तों के साथ-साथ कुछ विशेष नस्ल की बिल्लियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं शिक्षक उत्तम दास ने बताया कि लाइव सीट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता में बच्चे अपने ड्राइंग का सामान घर से लाएंगे, जबकि फ्लावर शो कमेटी की ओर से बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेस वार्ता में झारखंड उदय क्रिएशंस की ओर से ईश्वर छेत्री एवं आनंदघन, तथा कमेटी की ओर से विनीत झुनझुनवाला भी उपस्थित रहे।









