Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव जैसे-जैसे अपने निर्णायक दौर में प्रवेश कर रहा है, वैसे-वैसे जनसम्पर्क अभियान में भावनाओं और जनविश्वास का अभूतपूर्व माहौल देखने को मिल रहा है। मंगलवार को बनकटी पंचायत के विभिन्न गांवों में आयोजित जनसम्पर्क अभियान में जामा की विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने नेतृत्व किया। उनके साथ दिवंगत विधायक स्वर्गीय रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमोनी सोरेन भी उपस्थित रहीं।
सूरजमोनी सोरेन ने ग्रामीणों की ओर भावुक स्वर में रुख करते हुए कहा मेरे पति ने अपना जीवन घाटशिला की जनता की सेवा में समर्पित कर दिया। वे हमेशा कहते थे कि घाटशिला उनके लिए परिवार की तरह है। आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सोच, उनकी प्रेरणा और सेवा की भावना जिंदा है। मैं अपने पुत्र सोमेश चन्द्र सोरेन को आपके आशीर्वाद के लिए सौंप रही हूं। वह एक बेटे, एक भाई और एक सेवक की तरह सदैव आपके साथ रहेगा।”
वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा स्वर्गीय रामदास सोरेन ने घाटशिला की जनता के साथ हृदय से रिश्ता जोड़ा था। यह संबंध जनसेवा और समर्पण पर आधारित था, जो राजनीति की सीमाओं से परे जाकर जनता के जीवन में बदलाव लाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हीं की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एक युवा, ऊर्जावान और शिक्षित चेहरा—सोमेश सोरेन—को जनता के सामने प्रस्तुत किया है। अब यह घाटशिला की जनता का कर्तव्य है कि वह अपने भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए ‘तीर-कमान’ का बटन दबाए।”
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा 11 नवंबर को क्रम संख्या 02 पर ‘तीर-कमान’ छाप दबाकर सोमेश सोरेन को ऐतिहासिक जीत दिलाएं और घाटशिला में विकास और स्थिरता का मार्ग प्रशस्त करें।
आज का जनसम्पर्क अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्व. रामदास सोरेन की विरासत, जनभावनाओं और जनसेवा की निरंतरता का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, पूर्व जिला परिषद तुलसी बाला मुर्मू सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे।









