घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में कैंसर स्क्रीनिंग शिविर, 10 मरीजों में मिले कैंसर के लक्षण

SHARE:

Ghatshila:घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में शुक्रवार को आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग एवं जाँच-परख शिविर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि समय पर जांच जीवन रक्षक साबित हो सकती है। टाटा स्टील फाउंडेशन, रोटरी क्लब और एमटीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस विशेष शिविर में कुल 10 मरीजों की जांच की गई, जिनमें सभी में कैंसर से संबंधित लक्षण पाए गए।
शिविर में एमटीएमएच के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने ओरल कैंसर (मुख कैंसर), ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) और सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की जांच एवं स्क्रीनिंग की। महिलाओं के लिए विशेष रूप से मैमोग्राफी और पैप स्मीयर टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे शुरुआती स्तर पर कैंसर की पहचान संभव हो सकी।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी पंजीकृत मरीजों की विस्तृत जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने से उपचार की सफलता दर काफी बढ़ जाती है और मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना और नियमित जांच के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर टीएमएच की डॉ प्राची सिंह, डॉ अर्चना सहित टाटा स्टील फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब की ओर से पूनम लकड़ा, महेंद्र रविदास, मनसा पात्रो, गणेश रविदास तथा घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Comment