घाटशिला उपचुनाव में झामुमो का जनसंपर्क अभियान तेज़ — मंत्री हफ़ीज़ुल हसन बोले, “जनता करेगी धोखे का हिसाब”

SHARE:

Ghatshila:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शुक्रवार को अपने जनसंपर्क अभियान में जबरदस्त तेजी लाई। झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफ़ीज़ुल हसन अंसारी, राजमहल विधायक एम. टी. रज़ा और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह ख़ान ने मुसाबनी प्रखंड के बदिया, ईदगाह मुहल्ला और मोहुलबड़ा समेत कई गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।

नेताओं ने जनसभाओं में जनता से झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक प्रत्याशी का नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता और विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का चुनाव है।

“पढ़े-लिखे इंजीनियर की सोच होगी खूबसूरत समाज की”—हफ़ीज़ुल हसन

अपने संबोधन में मंत्री हफ़ीज़ुल हसन अंसारी ने कहा,

“एक पढ़े-लिखे युवक की सोच हमेशा समाज निर्माण की होती है। सोमेश सोरेन जैसे युवा को अवसर देना झारखंड के उज्जवल भविष्य की ओर कदम है। चंपई सोरेन वर्षों तक विधायक और मंत्री रहे, लेकिन आज वो उन्हीं हेमंत सोरेन को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं जिनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चले थे। जनता सब जानती है और हिसाब ज़रूर करेगी।”



उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

“सोमेश ने अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया”—हिदायतुल्लाह ख़ान

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह ख़ान ने कहा,

“सोमेश सोरेन एक शिक्षित इंजीनियर हैं। अगर चाहते तो लाखों की तनख्वाह वाली नौकरी कर सकते थे, लेकिन उन्होंने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए राजनीति में कदम रखा। यह उनकी संवेदनशीलता और समर्पण का प्रमाण है।”

“गठबंधन सरकार ने किया विकास, केंद्र कर रही है धर्म की राजनीति”—एम. टी. रज़ा

राजमहल विधायक एम. टी. रज़ा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,

“केंद्र की सरकार धर्म और जाति के नाम पर जनता को बांटने का काम कर रही है। जबकि राज्य में हेमंत सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। घाटशिला में जो अधूरे कार्य बचे हैं, वे भी जल्द पूरे होंगे, बशर्ते जनता सोमेश सोरेन को अपना आशीर्वाद दे।”

ग्रामीणों ने जताया भरोसा

गांव-गांव में झामुमो नेताओं का जोरदार स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनहितकारी योजनाओं — सखी मंडल, फसल राहत योजना, और मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना — ने उनके जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।


झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर

झामुमो का जनसंपर्क अभियान अब घर-घर और दिल-दिल तक पहुंच चुका है। कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा चरम पर है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इस बार घाटशिला की जनता “विकास बनाम धोखे” की राजनीति का फैसला करेगी।

Leave a Comment