Ghatshila:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने चुनावी तैयारियों को और धारदार बनाना शुरू कर दिया है। बुधवार को पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने घाटशिला शहरी क्षेत्र के आठों पंचायतों की बूथ कमिटियों की समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ नेता काजल डॉन ने किया। बैठक में बूथ स्तर पर चल रही तैयारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर दोनों नेताओं ने संतोष व्यक्त किया और टीम भावना की सराहना की।
“मतदान केंद्र तक मतदाताओं को लाना ही असली चुनौती” — मिथिलेश ठाकुर
अपने संबोधन में मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि —
“मतदाता मतदान तो करते हैं, लेकिन उन्हें मतदान केंद्र तक लाना और सही दिशा में मतदान के लिए प्रेरित करना ही बूथ सहयोगियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर संपर्क अभियान को तेज करें और हर मतदाता तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुँचाएँ।
“यह लड़ाई धनबल से नहीं, जनबल से जीतेंगे” — मंगल कालिंदी
वहीं, विधायक मंगल कालिंदी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि —
“यह उपचुनाव देश की सबसे बड़ी पार्टी से है, जिनके पास धनबल की कोई कमी नहीं, लेकिन हमें यह साबित करना है कि घाटशिला की जनता बिकाऊ नहीं, बल्कि जागरूक है।”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता संतुष्ट है और आने वाले 11 नवंबर को जनता महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में मतदान कर झामुमो को विजयी बनाएगी।
“रामदास सोरेन की विकास यात्रा जारी रहेगी” — दुर्गा चरण मुर्मू
अध्यक्षीय भाषण में दुर्गा चरण मुर्मू ने कहा —
“यह उपचुनाव हमारे लोकप्रिय विधायक स्व. रामदास सोरेन के असमय निधन के कारण आया है। उन्होंने जो विकास की लकीर खींची थी, वही अब सोमेश सोरेन के माध्यम से आगे बढ़ेगी।”
उन्होंने नारे के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरा —
“न थकेंगे, न झुकेंगे — झामुमो का झंडा ऊंचा था, ऊंचा है और ऊंचा रहेगा।”









