राज्य में जल-जंगल-जमीन की लूट और माफिया राज हावी: अर्जुन मुंडा

SHARE:

Ghatshila:झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने झामुमो सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और सिद्धांतों को पूरी तरह भुला दिया है, जबकि झारखंड अपनी 25 वर्ष की यात्रा पूरी कर रहा है।

घाटशिला के काशिदा स्थित एटमॉस्फेयर रिसॉर्ट में आयोजित प्रेस वार्ता में मुंडा ने कहा कि भारत सरकार भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को पूरे देश में भव्य रूप से मनाने जा रही है, मगर झारखंड सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जल, जंगल और जमीन की खुली लूट मची है, सीएनटी एक्ट की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC) पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झामुमो सरकार पेसा कानून को प्रभावी रूप से लागू करने में नाकाम रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकार सुरक्षित रखने के बजाय खनिज संपदा की लूट जारी है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा—

“अब राज्य में शासन नहीं, बल्कि माफिया राज और भ्रष्टाचार का बोलबाला है।”



अर्जुन मुंडा ने कहा कि आगामी उपचुनाव में जनता इस सरकार को करारा जवाब देगी, और यह साबित करेगी कि “अब जनता सर्वोपरि है, सत्ता नहीं।”

प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, जिला अध्यक्ष चंडी चरण साव, अशोक बड़ाईक, लखन मार्दी, दिनेश साहू और सत्य तिवारी समेत कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment