गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित सील फैक्ट्री में चोरी का आरोप, पूर्व मालिक ने बैंक प्रबंधन पर उठाए सवाल

SHARE:

Adityapur : गम्हरिया थाना क्षेत्र के ऊपरबेड़ा स्थित एक सील फैक्ट्री में चोरी का मामला सामने आया है। एस एस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व मालिक रोहित गोयल ने आरोप लगाया है कि बैंक द्वारा सील की गई फैक्ट्री परिसर में चोरी की घटनाएं हो रही हैं।

रोहित गोयल के अनुसार, उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा एवं अन्य बैंकों से ऋण लेकर फैक्ट्री संचालित की थी, लेकिन व्यवसाय में लगातार नुकसान और बढ़ते कर्ज के कारण संचालन मुश्किल हो गया। उनका कहना है कि कर्ज का बोझ बढ़ने पर बैंक ने फैक्ट्री को सील कर दिया था।

पूर्व मालिक ने आरोप लगाया है कि सील के बावजूद फैक्ट्री परिसर में चोरी की घटनाएं हो रही हैं और इसमें बैंक प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने बैंक मैनेजर पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप फैक्ट्री पर अपना ताला भी जड़ दिया है।

गोयल ने यह भी कहा कि फैक्ट्री में उपलब्ध पानी आयरन युक्त था, जिससे उत्पादित चावल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता था। व्यवसायिक नुकसान के चलते ऋण चुकाने में असमर्थता बनी रही।

बताया गया है कि मामला वर्तमान में डीआरटी (ऋण वसूली अधिकरण) कोर्ट में लंबित है। रोहित गोयल ने कहा है कि वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।

फिलहाल, मामले को लेकर संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है। पुलिस प्रशासन द्वारा भी मामले की जांच किए जाने की जानकारी मिली है।

Leave a Comment

और पढ़ें