Seraikela:जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के बीच गम्हरिया उषा मोड़ स्थित न्यूको ऑटो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर स्क्रैप की ढुलाई किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
मालवाहक वाहन JH05BY7043 से भारी मात्रा में ओवरलोड और बिना ढंके स्क्रैप का परिवहन किया जा रहा था। जैसे ही स्थानीय पत्रकारों की नजर इस पर पड़ी और कैमरा सामने आया, आनन-फानन में वाहन को कंपनी परिसर के भीतर ले जाकर स्क्रैप ढकने की औपचारिकता निभाई गई। इसके बाद वाहन को पुनः मुख्य मार्ग पर निकाल दिया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्क्रैप के ऊपर मजदूर पूरी तरह असुरक्षित अवस्था में बैठे नजर आए, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था। न तो सुरक्षा उपकरण थे और न ही मानकों का कोई पालन।
पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर वाहन चालक संतोष विश्वकर्मा ने पहले इसे किसी “सुदिशा कंपनी” की गाड़ी बताया और फिर कहा, “ढकवा देते हैं”। यह बयान प्रशासनिक लापरवाही और नियमों की खुलेआम अनदेखी की ओर इशारा करता है।
गौरतलब है कि जिले में इन दिनों सड़क सुरक्षा जागरूकता माह चल रहा है, जहां आम नागरिकों को रोककर हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, इस तरह के गंभीर मामलों पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
प्रदूषण फैलाने वाली ढुलाई, ओवरलोड वाहन और मजदूरों की जान से खिलवाड़—ये सभी जिलेवासियों के लिए एक गंभीर खतरे का संकेत हैं। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करता है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।









