गम्हरिया के शराब दुकान में युवक ने लहराई पिस्टल, अफरा-तफरी का माहौल

SHARE:

Gamharia : गम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा गम्हरिया स्थित एक कंपोजिट शराब दुकान में पिस्टल लहराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 7 अप्रैल की दोपहर शराब खरीदने पहुंचे कुछ लोगों और दुकानदारों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोंकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर काउंटर पर खड़े व्यक्ति की ओर तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के साथ आए अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और उसे पिस्टल लहराने से रोका। इसके बाद आरोपी ने हथियार को वापस अपनी कमर में खोंस लिया। घटना से जुड़ी तस्वीरें सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

बताया जा रहा है कि पिस्टल लहराने वाले युवक की पहचान मयंक बारी उर्फ गोलू बारी के रूप में हुई है। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि गम्हरिया थाना पुलिस मामले को दबाने या रफा-दफा करने की कोशिश में जुटी है।

गौरतलब है कि यह शराब दुकान घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है, जहां इस तरह की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार खुलेआम हथियार लहराना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

फिलहाल, पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, वहीं स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment