Adityapur : गम्हरिया स्थित सरकारी अनाज गोदाम में लगी आग की घटना में झुलसे सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) अभिषेक हाजरा का बुधवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में भावनात्मक माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई अनिकेत हाजरा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इससे पूर्व एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अभिषेक हाजरा के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद जब पार्थिव शरीर आदित्यपुर स्थित उनके आवास पहुंचा, तो परिजनों और परिचितों में कोहराम मच गया। घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और परिवार के सदस्य बेसुध होकर रो पड़े।
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मित्र और शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर वार्ड 17 की निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा, अभिषेक हाजरा के कई मित्र एवं समाज के लोग मौजूद रहे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
उल्लेखनीय है कि हादसे में झुलसे अभिषेक हाजरा की मौत के बाद विभाग के अधिकारी मौके से नदारद रहे, जिससे स्थानीय लोगों और परिजनों में नाराजगी देखी गई।









