Adityapur : नगर निकाय चुनाव के बीच रविवार, 22 फरवरी दोपहर लगभग 12 बजे गम्हरिया के कई मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के पोस्टर और बैनर खुलेआम लगे दिखाई दिए। उत्क्रमित मध्य विद्यालय (प्रखंड मुख्यालय) और गम्हरिया मध्य उच्च विद्यालय के सामने मेयर से लेकर वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के प्रचार सामग्री धूप में चमकते नजर आए।
पोस्टरों में प्रत्याशी हाथ जोड़कर मुस्कुराते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील करते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दृश्य उस समय का है, जब जिले में चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी तीन आईएएस अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम संभाल रही है। बावजूद इसके, बूथों के समीप प्रचार सामग्री का खुलेआम प्रदर्शन कई सवाल खड़े कर रहा है।
निर्वाचन विभाग के आदर्श आचार संहिता के नियमों के अनुसार मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार, पोस्टर-बैनर या प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद ऐसी सामग्री हटाई जानी चाहिए। लेकिन रविवार को कई केंद्रों के बाहर प्रचार सामग्री यथावत देखी गई।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि हाल ही में एक केंद्रीय मंत्री द्वारा क्षेत्र में चुनावी सभा कर कुछ खास प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगा गया था। विपक्षी दलों और कुछ नागरिकों का आरोप है कि प्रभावशाली हस्तियों के दबाव के कारण आचार संहिता के पालन में शिथिलता बरती जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब देखना होगा कि निर्वाचन विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और बूथों के आसपास से प्रचार सामग्री हटाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है। चुनावी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है।









