Jamshedpur : घाटशिला के नव निर्वाचित विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन की पहल पर RDS फाउंडेशन द्वारा स्थानीय बच्चों और युवाओं के लिए JPSC, IIT एवं IAS जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग की सुविधा शुरू की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल का शुभारंभ 1 जनवरी 2026 को धरमबहाल पंचायत के माटीकला में पूर्व विधायक सह स्कूली शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की जयंती के अवसर पर विधिवत रूप से किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह कोचिंग कार्यक्रम क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं की दिशा में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। इसे स्व. रामदास सोरेन के शिक्षा के प्रति समर्पित विचारों और सामाजिक प्रतिबद्धता को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।
इसी अवसर पर घाटशिला के पांवड़ा पंचायत अंतर्गत फुलडुंगरी स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन एवं स्व. रामदास सोरेन की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण भी किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ जाएगा।
कार्यक्रम से पूर्व तैयारियों का जायजा लेने प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, वरिष्ठ नेता जगदीश भकत, रूपेश सोरेन, सागर पानी, अंकुर कवाड़ी सहित अन्य कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।









