Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के हिंदू बस्ती स्थित भारत रेडीमेड कपड़ा गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे गोदाम के आसपास कुछ अज्ञात युवकों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा गया था। स्थानीय लोगों का मानना है कि यही युवक आगजनी की इस घटना में शामिल हो सकते हैं।
गोदाम के मालिक निहाल ने बताया कि देर रात उन्हें स्थानीय निवासियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो देखा कि गोदाम में रखा आधे से अधिक माल पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक गोदाम का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि हाल के दिनों में गोलमुरी इलाके में नशेड़ी युवकों का एक गिरोह सक्रिय है, जो आए दिन तोड़फोड़, झगड़ा और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहता है। लोगों को शक है कि इसी गिरोह का हाथ इस आगजनी में हो सकता है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।









