Seraikela:जिला प्रशासन ने शनिवार को एक गंभीर साइबर धोखाधड़ी की जानकारी साझा की है। प्रशासन के मुताबिक उपायुक्त (DC) सरायकेला-खरसावाँ के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है, जिससे भ्रामक और गुमराह करने वाले संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहें और किसी भी स्थिति में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड या बैंक संबंधी विवरण साझा न करें।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस मामले की जांच साइबर प्रकोष्ठ को सौंप दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि केवल जिला प्रशासन के अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल या आधिकारिक वेबसाइट से ही करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी आईडी से प्रसारित किसी भी संदेश या पोस्ट पर भरोसा न करें, बल्कि ऐसी गतिविधियों की तुरंत सूचना प्रशासन या पुलिस को दें।









