भाजपा जमशेदपुर महानगर ने मनाया काला दिवस, आपातकाल के विरोध में संगोष्ठी आयोजित, लोकतंत्र सेनानी को किया सम्मानित

SHARE:

जमशेदपुर, 25 जून।
भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर द्वारा 25 जून, 1975 को लगे आपातकाल के विरोध में बुधवार को गोलमुरी स्थित सीपी समिति सभागार में काला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र की रक्षा में योगदान देने वाले सेनानियों को सम्मानित करते हुए भारतीय लोकतंत्र पर मंडराए उस काले दौर को याद किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। मुख्यवक्ता के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने संगोष्ठी को संबोधित किया। इस दौरान हरेंद्र सिंह, जो आपातकाल के दौरान जेल गए थे, को सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर लोकतंत्र की रक्षा में उनके योगदान के लिए आभार प्रकट किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस मौके पर आपातकाल पर आधारित एक प्रदर्शनी का लोकार्पण और पौधारोपण भी किया गया।

रघुवर दास ने कहा – 1975 का आपातकाल लोकतंत्र की हत्या थी

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 25 जून, 1975 की रात देश के इतिहास का सबसे शर्मनाक दिन था, जब इंदिरा गांधी ने सत्ता के लिए देश पर आपातकाल थोप दिया। उन्होंने कहा कि उस समय देश संविधानविहीन हो गया था, नागरिक अधिकारों को समाप्त कर दिया गया, प्रेस की आज़ादी पर सेंसरशिप लगा दी गई और लाखों लोगों को बिना कारण जेल में ठूंस दिया गया।

उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। वर्तमान में जो लोग लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करते हैं, उन्हें 1975 की सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।

सांसद विद्युत महतो बोले – युवाओं को जानना चाहिए आपातकाल का सच

कार्यक्रम में सांसद विद्युत महतो ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को आपातकाल का सच जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र को कुचला, आज वही पार्टी संविधान बचाने की बात करती है, जो केवल ढोंग है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिक अधिकार खत्म कर दिए गए और प्रेस को पंगु बना दिया गया।

सह वक्ता अभय सिंह ने कहा – नसबंदी के नाम पर हुआ था जन उत्पीड़न

पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि आपातकाल के दौरान संजय गांधी के नेतृत्व में नसबंदी जैसे कठोर फैसलों से हजारों निर्दोष लोगों की जान गई। उन्होंने कहा कि यह समय भारत के नागरिकों को जागरूक करने का है ताकि भविष्य में फिर से कोई तानाशाही दौर न लौटे।

नेताओं ने किया पौधारोपण और प्रदर्शनी का अवलोकन

संगोष्ठी से पूर्व नेताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आपातकाल की घटनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण पप्पू उपाध्याय ने दिया, संचालन बबुआ सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पप्पू सिंह ने किया।

इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे जिनमें प्रमुख रूप से ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, कुसुम पूर्ति, मिथिलेश सिंह यादव, राजन सिंह, रेणु शर्मा, प्रेम झा, संजना साहू, मीना सिन्हा, रानी ठाकुर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।


Leave a Comment