ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना को धन्यवाद और पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस की बैठक में दो टूक संदेश

SHARE:

जमशेदपुर, 8 मई: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की स्थिति स्पष्ट करना और आगामी रैलियों की तैयारी को लेकर विचार-विमर्श करना था।

बैठक में सर्वसम्मति से भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक संचालित ऑपरेशन सिंदूर के लिए सेना को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। जिला अध्यक्ष ने प्रस्ताव रखा कि “भारतीय सेना के जवानों ने आतंकियों के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर अद्वितीय साहस का परिचय दिया है।” इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन जताया।

दूसरा प्रस्ताव पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव के रूप में रखा गया, जिसे ध्वनि मत से पारित किया गया। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी आतंकवाद एवं पाकिस्तान के खिलाफ लिए गए निर्णयों में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। बैठक में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिरंगा झंडा और महापुरुषों की तस्वीरें लेकर भारत माता की जय और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए। इस उत्साहपूर्ण माहौल ने यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस पार्टी सेना के मनोबल को बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

इस अवसर पर संविधान बचाओ रैली की सफलता के लिए भी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी गई। राँची में आयोजित रैली की सफलता का श्रेय देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भेजे गए बधाई संदेश को साझा किया गया। जल्द ही जमशेदपुर में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली की तिथि की घोषणा की जाएगी।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आज़ाद ने किया। इस दौरान प्रखण्ड एवं मण्डल स्तर के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, कमलेश कुमार पाण्डेय, के के शुक्ल, उपाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, नलिनी सिन्हा, लखिंदर करुवा, सचिन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment