ईस्ट रेलवे दुर्गा-लक्ष्मी-काली पूजा कमेटी पंडाल का मातृशक्ति ने किया उद्घाटन, ‘लंदन क्लॉक टावर’ की तर्ज पर आकर्षक थीम

SHARE:

Jamshedpur : रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित ईस्ट रेलवे दुर्गा, लक्ष्मी एवं काली पूजा कमेटी के भव्य पंडाल का रविवार को विधिवत पूजन के साथ मातृशक्तियों द्वारा उद्घाटन किया गया।
इस बार पूजा समिति ने मातृशक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पहल की है। वैदिक परंपरा में वर्णित अनुसार माता की पूजा यदि मातृशक्ति करती है तो वह अधिक सार्थक मानी जाती है। इसी परंपरा को जीवंत करने के लिए 45 महिलाओं ने सामूहिक रूप से फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।

पूजा पंडाल लंदन के प्रसिद्ध क्लॉक टावर की तर्ज पर तैयार किया गया है। 15 फीट चौड़ा और 72 फीट लंबा यह पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
बता दें कि यहां 1906 से लगातार भव्य पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांति चौधरी, छाया रानी मुखर्जी और सुमन पांडे उपस्थित रहीं। उन्होंने इस अनूठी पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे और बृहद स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया तथा समिति के सभी पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने माता रानी से क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना भी की।

इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक महेश सिंह, अध्यक्ष घनश्याम चौधरी, विश्वजीत मुखर्जी, रजनीश कुमार, अमित कुमार, अजय कुमार, आर.के. सिंह, पवन, नंदू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment