जमशेदपुर डीवीसी नवीन कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति का अनोखा आयोजन, महिलाओं के जिम्मे पूजा से लेकर विसर्जन तक की पूरी व्यवस्था

SHARE:

Jamshedpur : हर वर्ष की भांति इस बार भी डीवीसी नवीन कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति ने हर्षोल्लास के साथ मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराई। यहां की खासियत यह है कि पूजा से लेकर विसर्जन तक की सारी व्यवस्था महिलाओं के जिम्मे रहती है। यह परंपरा वर्ष 1994 से लगातार चली आ रही है और आज भी पूरे श्रद्धा व भक्ति भाव से निभाई जा रही है।

इस वर्ष पूजा समिति ने विशेष पहल करते हुए 101 महिलाओं द्वारा कलश स्थापना कर मां दुर्गा को विराजमान कराया। समिति के सदस्य मंटू कुमार ने बताया कि आने वाले वर्षों में और भी महिलाओं को जोड़ते हुए कलश स्थापना और पूजा को और भव्य रूप दिया जाएगा।

समिति की ओर से अष्टमी और नवमी के दिन लगभग पांच हजार भक्तों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी, खीर, चटनी और सब्जी का वितरण किया गया। मंटू कुमार ने कहा कि आने वाले वर्षों में इस संख्या को और बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

समिति के सदस्य बिट्टू प्रमाणिक ने बताया कि यह पूजा पंडाल मां की जागृत पूजा स्थलों में से एक माना जाता है, जहां हर वर्ष मां किसी न किसी रूप में भक्तों को दर्शन देती हैं। इसी कारण यहां पूजा पूरी तरह से नारी शक्ति द्वारा ही संपन्न कराई जाती है।

इस बार का पंडाल चटाइयों से निर्मित किया गया था, जो आकर्षक और मनमोहक प्रतीत हो रहा था। पंडाल निर्माण में छोटे-छोटे बच्चों ने भी दिन-रात योगदान दिया।

पूजा समिति में सक्रिय रूप से जुड़े सदस्यों में अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी, आदित्य सेन, धनंजय, बिट्टू, बापी दत्ता, अजय, विजय, सरवन, सुमित, मंटू, संदीप, राजू, अभिजीत, गोपी, रूबी, चंद्रणिमा, अर्पणा, रूपा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल रहे।

Leave a Comment