Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित भव्य मिलन समारोह में राज्य के पूर्व मंत्री एवं तीन बार के विधायक दुलाल भुइयां ने हजारों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का पटका और माला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, हेमंत दास, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव बावला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने किया।
बड़ी संख्या में समर्थकों ने ली सदस्यता
दुलाल भुइयां के साथ भुइयां समाज के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुइयां, केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुइयां, विप्लव भुइयां, अंजना भुइयां, मनोज कुमार मंडल, निमाई मंडल, धीरज सिंह, भोला सिंह, राहुल साव, अनील कुमार कांडी, सुबोल प्रामाणिक, सुनील दास, धर्मेंद्र पांडेय, पिंटू कुमार दुबे, लख्खी भुइयां, नीलकमल महतो, राकेश भुइयां समेत सैकड़ों समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
“भाजपा परिवार नहीं, विचार की पार्टी” – आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा परिवार की नहीं, विचार की पार्टी है जिसका लक्ष्य अंत्योदय और दलित, शोषित, वंचित एवं पिछड़े समाज के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ 140 करोड़ जनता के कल्याण की दिशा में कार्य हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित सरकार दलितों और वंचितों के साथ अन्याय कर रही है। मधुपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर जीर्णोद्धार कर रहे दलितों पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें प्रताड़ित किया गया।
साहू ने निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार को “लोकतंत्र विरोधी मानसिकता” के लिए सबक सिखाने का आह्वान किया।

“भुइयां समाज का भाजपा में स्वागत” – बाबूलाल मरांडी
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दुलाल भुइयां के नेतृत्व में भुइयां समाज का भाजपा में आना ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने माता शबरी और भगवान राम के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा राम के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है और समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान की पक्षधर है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि झामुमो ने न आंदोलन के दौर में और न सत्ता में राज्य के साथ न्याय किया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की लड़ाई अभी अधूरी है और जल, जंगल, जमीन को न्याय भाजपा सरकार में ही मिलेगा।
उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
“जीवन पर्यंत भाजपा में रहूंगा” – दुलाल भुइयां
पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि भाजपा ने दलित समाज को न्याय और सम्मान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिशाोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को पद्म अलंकरण से सम्मानित किए जाने का उल्लेख करते हुए इसे दलित-आदिवासी समाज के सम्मान से जोड़ा।
भरे हॉल में समर्थकों के बीच उन्होंने शपथ लेते हुए कहा कि वे जीवन पर्यंत भाजपा में रहेंगे और यह भुइयां समाज का सर्वसम्मत निर्णय है।
कार्यक्रम के अंत में “भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत” के संकल्प के साथ मिलन समारोह का समापन हुआ।








