जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर क्षेत्र में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ज़िला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह और पंचायत समिति सदस्य सतबीर सिंह बग्गा के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जेसीबी और हाइवा मशीनों की मदद से गोविंदपुर के सामुदायिक विकास मैदान, मेन रोड और हाट बाज़ार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से लगभग 5 हाइवा कचरे को हटाया गया।
???? डेंगू के खतरे को देखते हुए उठाया गया एहतियाती कदम
डॉ. परितोष ने बताया कि पिछले दो वर्षों से गोविंदपुर क्षेत्र डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों से प्रभावित रहा है। बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप और संक्रमण तेजी से फैलता है। इसीलिए इस वर्ष समय रहते कचरे के बड़े-बड़े ढेरों को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।
“हमारा उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम करना है। गोविंदपुर हाट बाजार में आसपास की दस पंचायतों के लोग सप्ताह में दो दिन आते हैं, इसलिए इस इलाके को विशेष रूप से स्वच्छ और सुरक्षित बनाना ज़रूरी है,” — डॉ. परितोष सिंह
???? स्थानीय कम्पनियों की निष्क्रियता पर नाराज़गी
पंचायत समिति सदस्य सतबीर सिंह बग्गा ने इस अवसर पर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय कंपनियों का सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत योगदान नगण्य है। उन्होंने मांग की कि कंपनियों को क्षेत्रीय स्वच्छता, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं में भागीदारी बढ़ानी चाहिए।
???? सामुदायिक सहभागिता रही अहम
सफाई अभियान को सफल बनाने में कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर दिनेश सिंह, विजय कुमार, बालाजी भगत, शंभू सिंह, छोटे लाल, विश्वजीत महतो, भीम यादव और जयदीप कुमार जैसे जागरूक नागरिकों ने अभियान में श्रमदान और सहयोग देकर मिसाल पेश की।