Jamshedpur : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि “शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा, उसकी चेतना और संघर्ष के प्रतीक थे। उनका निधन झारखंड की राजनीति के एक युग के अंत के समान है।”
उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन जल, जंगल, ज़मीन और जनजातीय अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने न केवल झारखंड आंदोलन को नेतृत्व दिया, बल्कि राज्य निर्माण में भी ऐतिहासिक भूमिका निभाई। “राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन दिशोम गुरु का योगदान हर झारखंडी के लिए प्रेरणादायी और श्रद्धा योग्य है,” ओझा ने कहा।
महानगर मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “उनकी राजनीतिक यात्रा जनसेवा, सिद्धांतों और संघर्षों से भरी रही। वे झारखंड की मिट्टी के ऐसे सपूत थे जिन्होंने राज्य के लोगों को अपनी अस्मिता और अधिकार के लिए संघर्ष करना सिखाया।”
उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति में उनकी अनुपस्थिति से जो शून्यता आई है, उसकी भरपाई असंभव है। भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य व संबल प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की गई।









