स्कूलों से लेकर आवास योजनाओं तक कसा प्रशासनिक शिकंजा

SHARE:

Jamshedpur:धालभूमगढ़ प्रखंड में प्रशासनिक सक्रियता उस समय साफ नजर आई, जब उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने शैक्षणिक संस्थानों से लेकर ग्रामीण विकास योजनाओं तक का सघन भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, तकनीकी प्रशिक्षण की पारदर्शिता और योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण की शुरुआत नरसिंहगढ़ +2 उच्च विद्यालय से हुई, जहां संचालित अटल टिंकरिंग लैब में उपलब्ध संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया गया। लैब कोऑर्डिनेटर ने उपकरणों और प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लैब में उपलब्ध सभी उपकरणों की सूची रजिस्टर में विधिवत संधारित की जाए।
उन्होंने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को दिए जा रहे ऐप डेवलपमेंट और कोडिंग प्रशिक्षण को सराहते हुए उपस्थिति रजिस्टर अनिवार्य रूप से संधारित करने, प्रत्येक कक्षा की स्टिल फोटोग्राफी या लघु वीडियो क्लिप तैयार कर माह के अंत में प्रखंड विकास अधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षक अंबिका दास को अटल टिंकरिंग लैब का नोडल शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद उप विकास आयुक्त ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी मनरेगा और अबुआ आवास योजनाओं का निरीक्षण किया। ग्राम कोकपाड़ा नरसिंहगढ़ में मनरेगा अंतर्गत लाभुक जोबा सिंह, मंगला सिंह एवं मनोरंजन सिंह की आम और मिश्रित बागवानी योजनाओं की समीक्षा की गई। बागवानी कार्यों में इंटरक्रॉपिंग, नियमित सिंचाई, घास सफाई, पेस्टीसाइड छिड़काव और मृत पौधों के प्रतिस्थापन को लेकर संबंधित कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए।

इसी पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन 12 आवासों का निरीक्षण कर सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश पंचायत सचिव को दिया गया।

निरीक्षण का अगला पड़ाव पंचायत जुगीशोल रहा, जहां गणेश महतो और हेमंत महतो की मिश्रित बागवानी योजनाओं का जायजा लिया गया। यहां भी बागवानी के वैज्ञानिक रख-रखाव पर जोर दिया गया। वहीं अबुआ आवास योजना के अंतर्गत विजय महतो, प्रभाती महतो, सुकरू सिंह और पोस्टू कर्मकार के निर्माणाधीन आवासों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

पंचायत जुगीशोल के ग्राम पाण्डुदा में दीदी बाड़ी योजना के तहत दुलारी सोरेन और धनमानी सोरेन के खेतों में सेम, करेला, साग, लौकी और लहसुन की खेती देखकर उप विकास आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया। इसी गांव में अबुआ आवास योजना के लाभुक सुहागी मुर्मू और संध्या देवी के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर शीघ्र पूर्णता के निर्देश दिए गए।

कुल मिलाकर यह निरीक्षण शिक्षा, आजीविका और आवास—तीनों क्षेत्रों में योजनाओं की प्रगति को गति देने वाला साबित हुआ, जहां उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे।

Leave a Comment