सरायकेला/कुचाई, 22 जुलाई 2025।
कुचाई प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को उप विकास आयुक्त रीना हासदा ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक स्थिति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, शिक्षकों की तैयारी, अनुशासन व्यवस्था और छात्राओं की भागीदारी को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से सीधा संवाद किया और साप्ताहिक परीक्षा, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा अध्यापन की पद्धति से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, और अन्य आधारभूत संरचनाओं का अवलोकन किया। उप विकास आयुक्त ने व्यवस्थाओं की वस्तुनिष्ठ समीक्षा कर बताया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुविधाजनक वातावरण देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और एक बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार किया जा सके।
यह निरीक्षण प्रशासन की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और बालिका शिक्षा को लेकर गंभीरता को दर्शाता है।
