रांची में शिबू सोरेन स्मृति भवन बनाने की जरूरत: सुधीर कुमार पप्पू

SHARE:

Jamshedpur  : धालभूम क्लब, साकची में झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी चिंतक, अधिवक्ता एवं सोनारी थाना शांति समिति के सचिव सुधीर कुमार पप्पू ने झामुमो के संस्थापक अध्यक्ष और झारखंड निर्माण आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में स्मृति भवन बनाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी से पहले मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने झारखंड अलग राज्य का सपना देखा और इसके लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उसी सपने को साकार करने के लिए शिबू सोरेन ने नेमरा गांव से जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के मुद्दे पर संघर्ष की शुरुआत की और जीवनभर भूमि पुत्रों एवं सदानों को साथ लेकर आंदोलन का नेतृत्व किया।

सुधीर कुमार पप्पू ने सुझाव दिया कि शिबू सोरेन की जीवनी को झारखंड के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मृति भवन में गुरुजी के साथ झारखंड के अन्य महान नेताओं—जयपाल सिंह मुंडा, बागुन सुमब्रई, कार्तिक उरांव, शहीद निर्मल महतो आदि—की यादगार वस्तुएं भी रखी जानी चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी को उनके संघर्ष और योगदान की जानकारी मिल सके और उन्हें संविधान के दायरे में रहकर लोकतांत्रिक संघर्ष की प्रेरणा मिले।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद सुमन महतो, साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, रणजीत राम, विनीता मिश्रा, नलिनी सिंहा, समाजसेवी पन्ना सिंह, प्रदीप लाल, सोनारी प्रखंड अध्यक्ष धनंजय महतो, अजय रजक, अवतार सिंह सरदार, मुख पाजी, राहुल भट्टाचार्य, डी. बोस, अशोक सिंह, हरिदास, सर्वेश कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment