धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक में भुगतान व खरीद में तेजी लाने के निर्देश

SHARE:

Adityapur : खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त Nitish Kumar Singh की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रखंडों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1762 किसानों से 1,02,171 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। इनमें से 1473 किसानों को भुगतान कर दिया गया है, जबकि शेष किसानों का भुगतान प्रक्रियाधीन है।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त Nitish Kumar Singh ने लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को धान बिक्री के बाद समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

प्रखंडवार और लैम्प्सवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने धान खरीद की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। साथ ही अधिप्राप्ति केंद्रों पर लक्ष्य के अनुरूप खरीद, धान का समय पर उठाव और एडवांस सीएमआर जनरेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रखंड आपूर्ति एवं सहकारिता पदाधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने तथा किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा, ताकि धान की बिक्री सुचारू रूप से हो सके। वहीं जिला स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और जिन लैम्प्स में प्रगति धीमी है, वहां विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा, निष्क्रिय किसानों को सक्रिय करने, गोदामों से धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने और भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए सरकारी भवनों की पहचान करने को कहा गया।

बैठक में कार्य में लापरवाही बरतने वाले लैम्प्स प्रभारियों पर वेतन कटौती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित सीएमआर के शीघ्र निष्पादन, मिलरों द्वारा समय पर उठाव और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि धान अधिप्राप्ति में किसानों का हित सर्वोपरि है, इसलिए पारदर्शिता, समयबद्धता और लक्ष्य आधारित कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Comment