उपायुक्त ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

SHARE:

Adityapur : छठ महापर्व को लेकर सरायकेला जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल की सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़-भाड़ वाले घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि किसी प्रकार की अनहोनी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी व्यवस्थाएं समय पर एवं पूर्णत: क्रियाशील रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि घाटों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए और महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व लोक आस्था का प्रतीक है और इसे सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Comment