उपायुक्त ने चाकुलिया में योजनाओं का किया निरीक्षण, एक माह में बच्चों के आधार व जन्म प्रमाण पत्र सुनिश्चित करने के निर्देश

SHARE:

Jamshedpur : चाकुलिया प्रखंड में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पंचायत भ्रमण के दौरान जमुआ और चंदनपुर पंचायत में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माचाडीह, शाखाभांगा, झरिया एवं जमुआ गांव में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभ समय पर वास्तविक लाभुकों तक पहुंचे। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, बीडीओ आरती मुंडा, सीओ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कूप निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं अबुआ आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि किस्त की राशि का उपयोग निर्माण कार्य में ही करें। साथ ही जियो टैगिंग के बाद समय पर भुगतान और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेविका व सहायिका को बच्चों को नियमित पोषाहार उपलब्ध कराने तथा पोषण ट्रैकर में सही और समय पर आंकड़े दर्ज करने का निर्देश दिया।

प्रखंड मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर सभी आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में नामांकित बच्चों का आधार और जन्म प्रमाण पत्र बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजनाओं से वंचित न रहे।

बैठक में आवास योजनाओं की प्रगति, गैस आपूर्ति व्यवस्था, पशुधन वितरण, चिकित्सा अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कालाबाजारी पर सख्ती बरतने और विकास कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Comment