Chaibasa : टाटा डी.ए.वी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी में नई प्राचार्या के रूप में शशिकला मैडम ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके आगमन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
शशिकला मैडम ने नई दिल्ली से जैव प्रौद्योगिकी में एम.एससी, बीएड की डिग्री प्राप्त की है तथा आईआईटी दिल्ली से शोध कार्य भी किया है। उन्होंने वर्ष 2007 में डीएवी भंडारीदह से अपने शैक्षणिक करियर की शुरुआत की और 2008 में डीएवी बिस्टुपुर में ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर (STNC), हेल्थ एंड वेलनेस क्लब इंचार्ज, परीक्षा नियंत्रक जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
विद्यालय परिवार को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में स्कूल नई ऊंचाइयों को छुएगा। शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उन्हें पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य प्रशांत कुमार भुइयां ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और पदभार ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया में सहभागिता निभाई। विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
गौरतलब है कि पूर्व प्राचार्य के स्थानांतरण के बाद विद्यालय में नए नेतृत्व को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविंद ठाकुर ने शिक्षिका जे. रमा के सहयोग से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक राजेश राम ने किया।









