Jamshedpur : डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सेल गुवा खान के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) श्री सी. भी. कुमार एवं महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती शालू कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
विद्यालय परिसर में वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों अतिथियों ने सपरिवार भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत और सम्मान
यज्ञ का शुभारंभ धर्म शिक्षक आशुतोष शास्त्री एवं राजवीर सिंह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन सामग्री की आहुति के साथ किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती माधवी पांडेय ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सीजीएम श्री कुमार का स्वागत किया।
इसके पश्चात उन्होंने आईआईटी मद्रास एवं स्टील अथॉरिटी प्रतियोगिताओं में सफल 22 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
“शिक्षा के बिना जागरूकता संभव नहीं” — सीजीएम
अपने संबोधन में श्री सी. भी. कुमार ने कहा जागरूकता के लिए शिक्षा का होना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा ही व्यक्ति को सजग, आत्मनिर्भर और लक्ष्य-केन्द्रित बनाती है। आप सभी छात्र-छात्राएं जागरूक होकर अपने सपनों को साकार करें।
उन्होंने विद्यालय द्वारा भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डीएवी संस्थान न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह संस्कारों का मंदिर भी है।”
प्राचार्या माधवी पांडेय ने कहा कि सीजीएम महोदय का विद्यालय में आगमन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि डीएवी गुवा के 22 विद्यार्थियों ने आइआइटी मद्रास और सेल प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12 की छात्रा आवंतिका पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक इंचार्ज पी. के. आचार्य ने प्रस्तुत किया।
मौके पर गुवा खान के एजुकेशनल जीएम अर्णव कुमार डे, जीएम पंकज दास, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।









