“डॉल्फिन संरक्षण सह वृहद गंगा स्वच्छता अभियान 2025” के तहत स्वच्छता, आस्था और संरक्षण का मिला संगम

साहिबगंज: झारखंड राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा जननायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले में “डॉल्फिन संरक्षण सह वृहद गंगा स्वच्छता अभियान 2025” का शुभारंभ किया गया। जहां यह अभियान 7 नवम्बर से 15 नवंबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में स्वच्छता, जन जागरूकता एवं डॉल्फिन संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके उपायुक्त हेमंत सती ने जानकारी देते हुए बताया कि
“साहिबगंज झारखंड का एकमात्र ऐसा जिला है जहाँ उत्तरवाहिनी गंगा नदी बहती है। वही गंगा का हमारे जीवन, संस्कृति और पर्यावरण में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है इसीलिए झारखंड स्थापना दिवस की 25 वीं वर्षगांठ और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को विशेष बनाते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि 7 से 15 नवंबर तक गंगा तटों पर स्वच्छता एवं जागरूकता पखवाड़ा चलाया जाए।” जहां अभियान के पहले दिन बिजली घाट और शकुंतला सहाय घाट पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान एनएसएस, एनसीसी के छात्र छात्राओं, समाजसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की। वही घाटों की सफाई के साथ साथ उपस्थित जनसमूह को यह संदेश भी दिया गया कि गंगा को स्वच्छ रखने के लिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उधर कार्यक्रम के दौरान लोगों को प्लास्टिक मुक्त घाट, अपशिष्ट प्रबंधन और डॉल्फिन संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही साथ यह भी बताया गया कि गंगा डॉल्फिन जैव विविधता का प्रतीक है और इसका संरक्षण गंगा के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा हुआ है। वही अभियान के अंतर्गत 15 नवंबर तक जिले के विभिन्न गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों मुक्तेश्वर घाट, बिजली घाट, बासकोला, सरकंडा (राजमहल), सूर्यदेव घाट, सिंधी ढलान, श्रीधर (उधवा) आदि स्थलों पर इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय ग्रामीण, स्वयंसेवी संस्थाएँ एवं विद्यार्थी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। वही जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील किया है कि वे इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइन्द, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, नमामि गंगे जिला परियोजना पदाधिकारी अमित मिश्रा, नगर परिषद के सिटी मैनेजर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।वही इस कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी के छात्र छात्राओं, समाजसेवियों तथा जागरूक नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और गंगा स्वच्छता एवं डॉल्फिन संरक्षण के संकल्प को सशक्त बनाया।









