जमशेदपुर : भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) झारखंड द्वारा परिवारिक विरासत की सुरक्षा: रणनीतिक संपत्ति संरक्षण एवं उत्तराधिकार योजना“ विषय पर एक महत्वपूर्ण सत्र का आयोजन शुक्रवार शाम द अल्कोर होटल, जमशेदपुर में किया गया। यह सत्र परिवार-प्रेरित व्यवसायों को उनकी दीर्घकालिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिसमें पीढ़ियों तक वित्तीय स्थिरता बनाए रखने, नेतृत्व में सुचारू बदलाव और बदलते व्यावसायिक परिप्रेक्ष्य में निरंतरता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री सुवेन्द्र बेहरा, पूर्व चेयरमैन, CII ईस्टर्न रीजन एवं उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, RSB ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड ने कहा कि पारिवारिक व्यवसाय न केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं, बल्कि वे परंपरा, आत्मनिर्भरता और क्षेत्रीय गर्व की पहचान भी हैं। उन्होंने झारखंड के औद्योगिक विकास में परिवार-प्रेरित उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखते हुए समयानुकूल रणनीतियों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री दिलू पारिख, उपाध्यक्ष, CII झारखंड स्टेट काउंसिल एवं निदेशक, वैदेही मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने पारिवारिक व्यवसायों में लचीलापन और रणनीतिक अनुकूलन की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि परिवारिक संपत्ति को संरक्षित करते हुए उसकी अगली पीढ़ियों तक सुचारू रूप से हस्तांतरण सुनिश्चित करना आज हर परिवार-स्वामित्व वाले व्यवसाय की प्राथमिकता है। उन्होंने फैमिली कांस्टीट्यूशन, वित्तीय नियोजन और मजबूत पारिवारिक मूल्यों को पारिवारिक व्यवसायों की दीर्घकालिक सफलता का आधार बताया।
श्री कृष्णा खरिया, संयोजक, CII झारखंड फैमिली बिजनेस पैनल एवं निदेशक, मल्टीटेक कंपोनेंट्स प्रा. लि. ने कहा कि भारत में पारिवारिक व्यवसायों की एक समृद्ध परंपरा रही है, जो आज भी देश की अर्थव्यवस्था की धुरी बने हुए हैं। उन्होंने उत्तराधिकार योजना, पेशेवर प्रशासन और स्पष्ट पारिवारिक संवाद को आज के समय की अनिवार्यता बताया।
श्री राजीव शुक्ला, सह-संयोजक, CII झारखंड एमएसएमई पैनल एवं पार्टनर, हिमालया एंटरप्राइजेज ने पारंपरिक एवं अनौपचारिक पारिवारिक संरचनाओं से बाहर निकलकर व्यवस्थित, भविष्य-केंद्रित संस्थानों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पारिवारिक व्यवसायों की सफलता केवल वित्तीय ज्ञान पर नहीं, बल्कि आपसी समझ, सहानुभूति और साझा दृष्टिकोण पर भी निर्भर करती है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में उपस्थित रहे:
- श्री अमित राठी, प्रबंध निदेशक, स्पार्क कैपिटल PWM
- सुश्री रुचि पालेजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, स्पार्क कैपिटल PWM
- श्री रजनीश पाठक, संस्थापक एवं सीईओ, ग्लोबल नॉर्थ रेजीडेंसी एंड सिटिजनशिप
इस विशेष सत्र के माध्यम से उत्तराधिकार प्रबंधन, संपत्ति संरक्षण एवं पारिवारिक मूल्यों के साथ व्यावसायिक प्राथमिकताओं को संतुलित करने पर व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कानूनी स्पष्टता, पारदर्शी संवाद और रणनीतिक योजना को परिवार-प्रेरित व्यवसायों की दीर्घकालिक सफलता के लिए आवश्यक बताया।
CII झारखंड ने आश्वस्त किया कि वह पारिवारिक व्यवसायों को स्थायित्व, अनुकूलनशीलता और उद्देश्यपूर्ण विकास हेतु निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा।