Jamshedpur : बिरसा मुंडा खेल एवं सामाजिक विकास संस्थान के सदस्यों ने एनएच-33 स्थित भिलाई पहाड़ी, एमजीएम थाना क्षेत्र के शक्तिपदो तालाब का निरीक्षण किया और छठ पर्व की तैयारी को लेकर सफाई तथा आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। कई वर्षों से यह तालाब छठ पूजा के लिए प्रमुख स्थल रहा है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु आकर पूजा-अर्चना करते हैं।
संस्थान के सदस्यों ने तालाब की साफ-सफाई के साथ-साथ घाटों को व्यवस्थित करने, प्रकाश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी है। छठ व्रतियों की सुविधा के लिए इस वर्ष भी आम का दातून, गाय का दूध, चाय, लाइट और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्थान के वरिष्ठ सदस्य दुलाल चंद्र दत्ता ने कहा कि छठ्रतियों की सेवा करना हमारा धार्मिक कर्तव्य है और हमारी पूरी कोशिश होगी कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। छठ पर्व को लेकर संस्थान के सदस्यों में गहरी आस्था और सेवा भावना देखने को मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान दुलाल चंद्र दत्ता, प्रह्लाद गोप, यादव दत्ता, हरेन सिंह, दीपक महतो, मृत्युंजय और राजेश कुंभकार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।









