जमशेदपुर : आगामी छठ पर्व को देखते हुए पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने एक बार फिर जनसेवा की मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने निजी खर्चे से करीब 20 मजदूरों को लगाकर गदड़ा स्थित ढापू तालाब की साफ-सफाई का कार्य जारी रखा। आज लगातार दूसरे दिन भी तालाब की सफाई का कार्य संपन्न कराया गया।
इसके साथ ही उन्होंने गुरुवार से गदड़ा स्थित कारगिल तालाब में भी सफाई कार्य की शुरुआत कराई है। इस दौरान तालाब के आसपास की कटीली झाड़ियों को कटवाया गया और पूरे क्षेत्र की संपूर्ण सफाई करवाई गई। तालाब में जमा कचरे को भी पूरी तरह से निकालने का कार्य किया जा रहा है ताकि आने वाले दिनों में छठव्रतधारियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों तालाबों की सफाई के बाद वहां विद्युत सज्जा (लाइटिंग) का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे संध्या और सुबह बेला में छठव्रतधारियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास है कि छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय वातावरण मिले।”
उन्होंने यह भी बताया कि ढापू और कारगिल तालाबों की सफाई के बाद अन्य तालाबों की भी सफाई अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य विश्वजीत भगत, रमन श्रीवास्तव, महेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार, बबलू गुप्ता सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।









