चौका में एंटी क्राइम चेकिंग से अपराधियों में हड़कंप

SHARE:

Seraikela:सरायकेला–खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे एंटी क्राइम अभियान के तहत मंगलवार देर रात चौका थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल, बाजार, स्कूल परिसरों के आसपास और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष जांच की।

अभियान के दौरान मुख्य मार्ग कांड्रा–चौका पर संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की गई। वहीं, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप का माहौल देखा गया।

थाना प्रभारी सोनू कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले या अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस के साथ सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इससे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई संभव होगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

Leave a Comment