Jamshedpur : सिदगोड़ा स्थित सूर्यमंदिर परिसर में चल रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के तीसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने जब भगवान राम के जन्म का भावपूर्ण वर्णन किया, तो पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभु श्रीराम के जन्म का उत्सव मनाया, वहीं प्रसाद के रूप में मिठाइयों और टॉफियों का वितरण किया गया।
भक्ति में डूबे श्रद्धालु, राम जन्म की गूंज से गूंजा पंडाल
राम जन्मोत्सव के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और आरती से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। कथा की शुरुआत से पहले विधिवत रूप से व्यास पीठ एवं व्यास का पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर आचार्य राजेंद्र जी महाराज की श्रीराम जन्म की कथा का रसपान किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम का जन्म असुरों और पापियों के विनाश के लिए हुआ था। उनका जीवन मर्यादा, प्रेम और भक्ति का अद्भुत उदाहरण है।
आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने श्रीराम जन्मोत्सव का वर्णन करते हुए कहा, “भये प्रगट कृपाला, दीनदयाला, कौशल्या हितकारी।” जैसे ही कथा में श्रीराम के जन्म का प्रसंग आया, पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। तालियों की गूंज और श्रद्धा के स्वर हर ओर सुनाई देने लगे। उन्होंने बताया कि जब भगवान राम का जन्म हुआ, तो अयोध्या नगरी आनंद में डूब गई थी। राजा दशरथ ने नगरवासियों में मिठाइयां बंटवाई और हर घर में बधाइयों के गीत गाए गए।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई गणमान्य हुए शामिल
इस पावन अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके अलावा संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी समेत समिति के कई पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रीराम बाललीला का होगा अगला वर्णन
सात दिवसीय श्रीराम कथा के चतुर्थ दिवस पर भगवान श्रीराम की बाललीला का वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर भक्ति रस का लाभ उठाने की अपील की है। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से निर्धारित है।
समापन पर भव्य आरती, भक्तों ने किया भजन-कीर्तन
कथा के समापन के दौरान पूरे परिसर में भव्य आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। मंच संचालन सूर्य मंदिर समिति के वरीय सदस्य दिनेश कुमार ने किया। श्रीराम जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर दिखे। जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ रही है, भक्तों की भीड़ भी लगातार उमड़ रही है।
