Chandil:चांडिल के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरडीह में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टाटा–पुरुलिया मुख्य मार्ग पर रसोई गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक Indane के गैस फिलिंग सेंटर, गम्हरिया थाना मोड़ से करीब 360 रसोई गैस सिलेंडर लेकर कोटशिला की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाथरडीह स्थित एफडीआई गोदाम के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सीधे सड़क किनारे खेत में पलट गया।
ट्रक चालक सुकुमार सिंह ने बताया कि वे देर रात भोजन करने के बाद पाथरडीह के पास आराम करने के लिए रुके थे। सुबह जब उन्होंने दोबारा यात्रा शुरू की तो कुछ दूरी चलते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दुर्घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की निगरानी में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करने और सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से दूसरे वाहन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में पहले से ही रसोई गैस की किल्लत की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में इस दुर्घटना के बाद प्रशासन पूरी सावधानी बरत रहा है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।








