Aditypur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अपराधी मो. साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को गिरफ्तार किया है। वह कपाली ओपी और आजादनगर थाना क्षेत्र का सक्रिय अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे साततल्ला मैदान में छापेमारी कर दबोचा।
पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड पिस्टल, एक देशी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था।
पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।









