चांडिल, 13 जून — कुकड़ू प्रखंड में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक सबिता महतो रहीं। उनके साथ उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की समेत कई विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सिंचाई, एंबुलेंस सेवा, अवैध बालू खनन रोकथाम, बाजार सुविधा और कोल्ड स्टोरेज निर्माण से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों ने सूचना व सहायता स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए। कुछ लाभुकों को योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
विधायक सबिता महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड गठन के बाद यह पहला बड़ा जनता दरबार है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान करना और वंचितों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत, लिफ्ट इरीगेशन, महिला कॉलेज निर्माण जैसी कई योजनाएं स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया में हैं। शीघ्र ही विधायक निधि से एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार व समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में पंचायत स्तर पर भी जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।