Jamshedpur:कपाली ओपी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन सुगर के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हासाडुंगरी पुल के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदेहास्पद स्कूटी (संख्या JH05DJ 2883) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर स्कूटी चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हासाडुंगरी, काला ईंट भट्ठा के पीछे से स्कूटी सवार महिला को धर दबोचा।
गिरफ्तार महिला की पहचान रेशमा परवीण के रूप में हुई है। वह ए-रोड, वार्ड नंबर-19, मुस्लिम बस्ती, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां की रहने वाली है। वर्तमान में वह हासाडुंगरी, काला ईंट भट्ठा के पीछे महबूब आलम के मकान में किरायेदार के रूप में रह रही थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के पास से 15.99 ग्राम ब्राउन सुगर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की। इसके अलावा ब्लू रंग की सुजुकी एक्सेस 125 स्कूटी और सफेद रंग का एप्पल आईफोन 13 भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नशा तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरजन कुमार, एसआई अनिता सोरेन, एसआई रंजीत कुमार सिंह सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।









