Illegal Sand Mining Action in Chandil :  चांडील अनुमंडल में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, 38 हजार घनफीट बालू जब्त, परिवहन मार्गों को किया गया अवरुद्ध

SHARE:

सरायकेला–खरसावां। जिले में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार, 23 फरवरी 2026 को जिला खनन विभाग और तिरूलडीह थाना की संयुक्त टीम ने चांडील अनुमंडल क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

इस अभियान के तहत तिरूलडीह, सिरकाडीह, सापदा और सपारूम बालू घाटों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सपारूम घाट के समीप अवैध रूप से भंडारित करीब 38,000 घनफीट बालू को विधिवत जब्त किया गया। मामले में नियमानुसार अग्रेत्तर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

निरीक्षण के समय संबंधित घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि, तिरूलडीह और सिरकाडीह बालू घाटों के आसपास वाहनों के टायरों के निशान मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार संभावित अवैध परिवहन मार्गों पर कई स्थानों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) बनाकर रास्तों को बंद कर दिया गया, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में कहीं भी खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर और सख्ती से जारी रहेगी।

Leave a Comment