Chandil:चांडिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित पाटा टोल प्लाजा के समीप शनिवार की देर रात करीब 12 बजे ग्रामीणों की सतर्कता से अवैध मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ हुआ। ग्रामीणों ने संदिग्ध रूप से मवेशियों से भरी एक पिकअप वैन को रोक लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में पता चला कि वाहन में 12 मवेशी लदे थे, जिन्हें अवैध रूप से जमशेदपुर की ओर ले जाया जा रहा था। हालांकि, वैन चालक और उसका एक सहयोगी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि “अवैध पशु तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि लदे मवेशियों में से तीन की मौत हो चुकी थी, एक की हालत गंभीर है, जबकि आठ मवेशी सुरक्षित पाए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रात के अंधेरे में अक्सर मवेशियों की तस्करी होती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने भी भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने की घोषणा की है।









