ईचागढ़ के प्लस टू विद्यालय का डीईओ ने किया औचक निरीक्षण, शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

SHARE:

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत अनुग्रह नारायण प्लस टू उच्च विद्यालय, पिलीद का जिला शिक्षा पदाधिकारी Kailash Mishra ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कंप्यूटर कक्ष, प्रयोगशाला, कार्यालय कक्ष, शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। साथ ही विद्यालय परिसर और कक्षाओं का भी निरीक्षण किया।

डीईओ ने शिक्षकों से विषयवार सिलेबस की प्रगति के बारे में जानकारी ली और पठन-पाठन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधान शिक्षिका मिताली को निर्देश दिया कि छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा का स्तर और बेहतर हो सके।

निरीक्षण के बाद Kailash Mishra ने बताया कि विद्यालय का शैक्षणिक माहौल संतोषजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय का परिसर काफी विस्तृत है और जिले में सबसे अधिक भूमि उपलब्ध होने के कारण इसे बेहतर ढंग से विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि सभी विषयों में समान रूप से नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करें और विद्यालय के माहौल को और बेहतर बनाएं, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल हो सके। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई।

Leave a Comment