सरायकेला खरसावां को शिक्षा का तोहफा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने किया पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन

SHARE:

Aaditypur : शिक्षा के क्षेत्र में सरायकेला खरसावां जिले को एक नई उपलब्धि हासिल हुई है। आज जिले में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का भव्य उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान सरायकेला विधायक श्री चंपाई सोरेन के कर-कमलों से संपन्न हुआ। दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से विद्यालय का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में श्री चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

अपने संबोधन में चंपाई सोरेन ने कहा, “शिक्षा ही समाज के विकास की नींव है। पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत सरायकेला में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना न केवल इस क्षेत्र के बच्चों के लिए एक बड़ा अवसर है, बल्कि यह समाज के समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध होगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल और सशक्त बनता है।”

उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे शिक्षा को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जीवन में दिशा और सोच का आधार बनाएं।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें छात्रों ने अपने हुनर से सबका मन मोह लिया।

Leave a Comment