सदर अस्पताल में इंसानियत शर्मसार, मृत बेटे का शव थैली में लेकर बस से गया आदिवासी पिता

SHARE:

Chaibasa:चाईबासा में स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के कठघरे में है। सदर अस्पताल में घटी एक अमानवीय और बेहद शर्मनाक घटना ने झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनहीन तस्वीर उजागर कर दी है। बीमारी से जूझते एक गरीब आदिवासी परिवार को न इलाज का भरोसा मिला और न ही मौत के बाद सम्मान।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। लेकिन इससे भी अधिक दर्दनाक दृश्य तब सामने आया जब अस्पताल प्रबंधन ने मृतक के शव को उसके घर तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराना जरूरी नहीं समझा। मजबूर पिता ने अपने बेटे के शव को एक थैली में रखकर सार्वजनिक बस से अपने गांव तक ले जाने का दर्दनाक फैसला किया। यह दृश्य हर संवेदनशील इंसान को झकझोर देने वाला था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के इतिहास की सबसे शर्मनाक घटनाओं में से एक है। सवाल यह उठता है कि जब सरकार मरीजों के हित और आदिवासी समाज के कल्याण की बात करती है, तब जमीनी हकीकत इतनी बेरहम क्यों है?
यह पहला मामला नहीं है जब चाईबासा सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हों। कुछ दिन पहले ही थैलेसीमिया से पीड़ित पांच बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाए जाने की घटना ने पूरे देश में अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया था। उस समय स्वास्थ्य मंत्री ने चाईबासा पहुंचकर बड़े-बड़े आश्वासन दिए, लेकिन हालिया घटना ने साफ कर दिया कि व्यवस्थाओं में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी नेताओं ने जिले के उपायुक्त से सदर अस्पताल प्रबंधन की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी अपने स्तर से आंदोलन और उच्चस्तरीय हस्तक्षेप के लिए बाध्य होगी।
राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विपक्ष का आरोप है कि वर्तमान गठबंधन सरकार में मरीजों, खासकर गरीब और आदिवासी समाज के हितों की अनदेखी हो रही है और स्वास्थ्य विभाग केवल कागजी दावों तक सीमित रह गया है।
अब देखना यह है कि इस अमानवीय घटना के बाद प्रशासन और सरकार क्या ठोस कदम उठाती है, या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Comment