Adityapur : जिला पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंझारी थाना क्षेत्र के कुंदरुगुटु गांव में एक किराना दुकान पर छापा मारा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), बहामन टुटी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दुकान से बड़े पैमाने पर मिलावटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की 171 बोतलें और बीयर जब्त कीं। छापेमारी के दौरान दुकान संचालक किसी भी प्रकार का वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूर्णतः नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।









