सरहुल, ईद और रामनवमी को लेकर चाईबासा में प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण

SHARE:

Chaibasa: आगामी सरहुल, ईद और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर नगर परिषद और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश के आलोक में नितिन प्रकाश (नगर परिषद अध्यक्ष) के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ भगत सहित सभी नव-निर्वाचित वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक संतोष बेदिया और नगर परिषद के अन्य कर्मी मौजूद रहे।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस मार्गों का जायजा लेना और रास्तों में मौजूद अवरोधों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करना था। इस दौरान अधिकारियों ने कई स्थानों पर सड़क पर रखी निर्माण सामग्री और अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।

नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व-त्योहार मनाएं। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस मार्ग में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Comment

और पढ़ें