Chaibasa : बीएसएल गुवा में वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह समारोह का आयोजन सेल के तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीएवी गुवा के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और समारोह को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा की प्राचार्या माधवी पांडेय के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं स्लोगन, विज्ञान प्रदर्शनी, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से खान सुरक्षा का संदेश दिया। बच्चों ने अपने प्रभावशाली प्रस्तुतियों से यह स्पष्ट किया कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बचपन से ही विकसित की जानी चाहिए और इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि बच्चों की सक्रिय सहभागिता से सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचता है। छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के अंत में सुरक्षित खनन, अनुशासन और सतर्कता को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बीएसएल गुवा प्रबंधन ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की भूमिका की प्रशंसा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच संचालन आवंतिका पांडेय (कक्षा 12 विज्ञान), रीद्धिमा सिंह (कक्षा 9), और शुभ सिन्हा (कक्षा 9) ने किया। मौके पर सेल के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक उपस्थित थे।









