BollywoodNight : कनिका कपूर की धमाकेदार प्रस्तुति से झूम उठा नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय

Jamshedpu:  नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के पोखारी परिसर में रविवार की शाम एक यादगार सांस्कृतिक संध्या में तब्दील हो गई जब बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर ने विश्वविद्यालय के “बॉलीवुड नाइट” में अपने मशहूर गीतों से समां बांध दिया।



शाम 5 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम रात 9 बजे तक चला, जिसमें छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलाधिपति मदनमोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने कनिका कपूर के साथ दीप प्रज्वलन कर किया। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर भावविचित्र और “जमशेदपुरवाला” की मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए। मंच पर कनिका कपूर को विश्वविद्यालय की ओर से सम्मान स्वरूप ‘टोकन ऑफ एप्रिसिएशन’ प्रदान किया गया।



कनिका कपूर ने अपने हिट गाने “बेबी डॉल मैं सोने दी” से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद “चीटियां कलाईयां”, “दा दा दस्से” और “एक दो तीन” जैसे गीतों पर छात्रों ने दिल खोलकर झूमते हुए कलाकार के साथ सुर मिलाए। बाद में, डी जे कोयल ने माहौल को और ऊर्जावान बना दिया जब उन्होंने “काला चश्मा”, “नशे सी चढ़ गई” और अन्य पॉपुलर बॉलीवुड ट्रैक्स बजाकर छात्रों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।



कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। विश्वविद्यालय के लगभग 4000 छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन में हिस्सा लिया।



इस अवसर पर कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने कहा, “ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा और मनोरंजन के बीच संतुलन साधने का अवसर मिलता है। मनोरंजन भी शिक्षा प्रणाली का एक आवश्यक हिस्सा है जो विद्यार्थियों को सामाजिक कौशल विकसित करने में सहायक होता है।” कार्यक्रम में प्रशासनिक विभाग के अनुष्ठाता नाजिम खान, शैक्षणिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, आईक्यूएसी सेल की निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों की भारी भागीदारी रही।

Leave a Comment