हेमंत सोरेन के बयान पर भाजपा का हमला, संजीव सिन्हा बोले— सनातन संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं

SHARE:

Jamshedpur:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरस्वती पूजा को लेकर दिए गए बयान पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है।

संजीव सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था, संस्कृति और परंपराओं का खुला अपमान भी है। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा, लक्ष्मी पूजा, विश्वकर्मा पूजा और रामनवमी जैसे पवित्र पर्वों पर सवाल उठाना मुख्यमंत्री के अहंकार और विकृत सोच को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान किसी जिम्मेदार मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि सत्ता के मद में चूर एक ऐसे व्यक्ति की सोच को दर्शाता है, जो तुष्टिकरण की राजनीति में अपनी जड़ों और संस्कृति को भूल चुका है। संजीव सिन्हा ने यह भी सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री अन्य धर्मों के प्रति भी इसी प्रकार की टिप्पणी करने का साहस दिखा सकते हैं।

भाजपा नेता ने भारत की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यही वह देश है, जहां आर्यभट्ट, चाणक्य और सुष्रुत जैसे महान विद्वानों ने जन्म लेकर विश्व को ज्ञान, विज्ञान और चिकित्सा का मार्ग दिखाया।

उन्होंने आगे कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है और Google, Microsoft, YouTube, Adobe और IBM जैसी कंपनियों में भारतीय मूल के लोग शीर्ष पदों पर कार्य कर रहे हैं।

संजीव सिन्हा ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा श्रम और सृजन का प्रतीक है, जबकि सरस्वती पूजा ज्ञान और विद्या की आराधना का पर्व है। इन परंपराओं का मजाक उड़ाना अज्ञानता को दर्शाता है और यह भारत की समृद्ध विरासत का सीधा अपमान है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि वे राज्य की शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करें, बजाय इसके कि लोगों की आस्था पर अनर्गल बयानबाजी करें।

अंत में उन्होंने पूजा समितियों और समाज के जागरूक लोगों से अपील की कि ऐसे बयानों का विरोध करें, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि धार्मिक आस्थाओं के खिलाफ गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी करने से पहले सोचने को मजबूर हो।

Leave a Comment

और पढ़ें