नगर निकाय चुनाव में देरी पर भाजपा का हल्ला-बोल मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन

SHARE:

Jamshedpur:झारखंड में नगर निकाय चुनावों को लेकर जारी असमंजस और लगातार हो रही देरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार पर सीधा हमला बोला है। मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई ने मानगो गांधी मैदान स्थित मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने किया, जबकि मंच पर सांसद विद्युत वरण महतो और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मौजूद रहे।
धरना स्थल पर जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि छह साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नगर निकाय चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र का खुला मज़ाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सरकार चुनाव से भाग रही है, क्योंकि उसे जनता के आक्रोश का भय है। सांसद ने ईवीएम हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने के फैसले को “परिणाम प्रभावित करने की साजिश” करार दिया।
उन्होंने कहा कि मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का न होना सीधे तौर पर जनता के अधिकारों का हनन है। नगर निगम में चुनी हुई सरकार न होने के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं और केंद्र सरकार की शहरी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो गठबंधन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य की रफ्तार थम गई है। बुनियादी सुविधाएं चरमरा चुकी हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और नगर निकाय चुनाव टालकर सरकार जनता से बचना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों में अफसरशाही हावी हो चुकी है। साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए आम लोग दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द चुनाव की घोषणा नहीं की, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं और इसे दबाना असंवैधानिक है। वहीं भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया कि दलीय आधार और ईवीएम से चुनाव कराने से जानबूझकर बचा जा रहा है, ताकि बैलेट पेपर के जरिए गड़बड़ी की गुंजाइश बनाई जा सके।
धरना समाप्ति के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मानगो नगर निगम के प्रशासक से शीघ्र चुनाव की तिथि घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने और ईवीएम के उपयोग की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिसोदिया ने दिया। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment